रतलाम / जावरा। लायंस क्लब जावरा द्वारा संचालित लायंस नेत्र चिकित्सालय परिसर में जरूरतमंद नेत्र रोगियों के लिए निःशुल्क दवा एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मरीजों को नेत्र परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां और चश्मे निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मरीजों एवं परिजनों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा हर प्रकार के नशे और व्यसन से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अन्नक्षेत्र जनकल्याण समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश ओस्तवाल ने कहा कि सेवा के संकल्प के साथ स्थापित लायंस नेत्र चिकित्सालय आज सेवा के विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। चिकित्सालय में उपचार एवं विभिन्न सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में मरीजों का पहुंचना संस्था के प्रति आमजन के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने लायंस क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
विशेष अतिथि दिगंबर श्री संघ एवं मंडी व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष पवन पाटनी ने कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही समाज के प्रति सच्चे कर्तव्य का परिचय देती है। लायंस क्लब जावरा द्वारा स्वास्थ्य एवं नेत्र सेवा के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य समाज के लिए वंदनीय और अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नेत्र चिकित्सालय के चेयरमैन ला. प्रदीप शर्मा ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। उन्होंने चिकित्सालय की गतिविधियों, उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी देते हुए मरीजों को ऑपरेशन के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नेत्र ऑपरेशन के बाद चिकित्सकीय निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।
क्लब सचिव ला. संदीप रांका ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथियों का शॉल एवं माला से स्वागत किया गया। इसके बाद पात्र मरीजों को निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मे वितरित किए गए। साथ ही उपस्थित लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और बेहतर जीवन के लिए सभी प्रकार के व्यसनों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
शिविर में कोषाध्यक्ष ला. विपिन चौरड़िया, पूर्व अध्यक्ष ला. रमेश मेहता, ला. विजय पामेचा, ला. सजी वर्गीस, ला. अनिल काला, ला. संदीप दसेड़ा एवं ला. अनूप शर्मा सहित क्लब एवं चिकित्सालय से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मैनेजर जे.पी. श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार सचिव ला. संदीप रांका ने व्यक्त किया।
शिविर में सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश एक साथ देकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत