रतलाम। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा रतलाम जिले के विभिन्न प्रखंडों में अखंड भारत संकल्प दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के श्री राम प्रखंड, गढ़ कैलाश प्रखंड, हनुमान प्रखंड, कालिका माता प्रखंड, नामली प्रखंड, सैलाना प्रखंड, रावटी प्रखंड, विरुपाक्ष प्रखंड तथा बाजना प्रखंड में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को याद करते हुए अखंड भारत के संकल्प को दोहराया गया।
18 अगस्त को गढ़ कैलाश प्रखंड के हनुमान बाग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत सह मंत्री एवं रतलाम विभाग पालक संजय होलकर ने कहा कि पूरे विश्व में भारत को यदि कोई माता मानता है तो वह हिंदू समाज है और भारत माता हमारी आराध्य है। यह वह पवित्र भूमि है जहां देवताओं ने जन्म लिया और जिसने त्याग, तपस्या एवं बलिदान की महान परंपरा को जन्म दिया।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस भूमि पर अनेक महापुरुषों ने जन्म लेकर समाज और राष्ट्र को दिशा दी। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के चलते देश का विभाजन धर्म के आधार पर किया गया, लेकिन हिंदू समाज सदैव सहिष्णु रहा है। आज आवश्यकता है कि समाज जागृत हो और अपनी मातृभूमि के प्रति संकल्पित होकर राष्ट्रहित में कार्य करे।
सैलाना प्रखंड में 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में विहिप जिला मंत्री गौरव शर्मा का बौद्धिक हुआ। उन्होंने अखंड भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमाओं का नाम नहीं है, बल्कि हजारों वर्षों से चली आ रही महान सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्र की गौरवशाली परंपराओं को समझने तथा समाज में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का आह्वान किया।
वहीं 21 अगस्त को बाजना प्रखंड में आयोजित अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग सहसंयोजक नरेंद्र (बंटी) शर्मा रहे। उन्होंने भारत के ऐतिहासिक विभाजन की श्रृंखला, उसके कारणों और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अखंड भारत का विचार हमारी सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रमों में विभाग मंत्री पवन बंजारा, विभाग धर्म प्रसार प्रमुख जितेन्द्र वर्मा, विभाग सहसंयोजक बंटी शर्मा, राहुल सोनी, जिला अध्यक्ष जयंतीलाल पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष आशु टांक, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुन्नू कुशवाहा सहित जिले एवं विभिन्न प्रखंड, खंड तथा ग्राम समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अखंड भारत संकल्प दिवस के माध्यम से जिलेभर में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक एकता और भारतीय विरासत के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने भारत की अखंडता और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए संकल्प भी दोहराया।
उपरोक्त जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख कमलेश पंवार ने दी!