|
आगर-मालवा : - आगर-मालवा जिले के वृंदावन ग्राम योजना के तहत चयनित वृंदावन ग्राम तनोड़िया में शुक्रवार को पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से पशुपालक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उज्जैन संभाग के संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, उज्जैन रेंज के एडीजीपी श्री राकेश कुमार गुप्ता, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी की उपस्थिति रही। संभागायुक्त श्री सिंह ने उपस्थित पशुपालकों से एक-एक कर संवाद कर ग्राम में पशुपालकों की संख्या, देशी नस्ल के गोवंश की संख्या, दुग्ध उत्पादन, दुग्ध सहकारी समिति के गठन एवं दुग्ध संग्रहण आदि के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपसंचालक पशुपालन को निर्देश दिए कि वृंदावन ग्राम तनोड़िया में गोवंश में नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालकों को प्रेरित कर सेक्स सॉर्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा दें। पशुपालकों की मांग पर उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदार को गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश भी दिए। संभागायुक्त ने पशुपालकों से गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत अधिक से अधिक देशी नस्ल के गोवंश का पंजीयन कराकर योजना में सम्मिलित होने का आह्वान किया। एडीजीपी श्री राकेश कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों की मांग पर तनोड़िया में परीक्षण कराकर नवीन ग्रामीण पुलिस थाना स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिए। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले वॉलिंटियर्स एवं ग्रामीणों को घायलों को तत्काल सहायता पहुंचाने एवं उचित तरीके से चिकित्सालय पहुंचाने के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण ग्राम तनोड़िया में प्रदान करने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने मुख्यमंत्री गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से देशी नस्ल की गायों का पालन करने एवं पुरस्कार योजना में भाग लेने का आह्वान किया। उपसंचालक पशुपालन डॉ. महेश जारोलिया ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित डॉ. आंबेडकर कामधेनु योजना, डेयरी प्लस योजना एवं आचार्य विद्यासागर योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए लाभ लेने की प्रक्रिया बताई तथा तनोड़िया में इन योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के बारे में अवगत कराया। सांची दुग्ध संघ उज्जैन के अधिकारियों ने दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं समिति गठन से पशुपालकों को होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर सांची दुग्ध संघ उज्जैन के सीईओ श्री धनराज खत्री ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्य किये जा रहे हैं। उज्जैन संभाग के लिए बोर्ड द्वारा 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी के तहत तनोड़िया में 150 करोड़ रुपये की लागत से एक पशु आहार निर्माण संयंत्र स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़कर सदस्य बनने एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन में ग्रामीण श्री महेश कुमार मित्तल, पशुपालक श्री भरत यादव, श्री राजेश राव सहित अन्य पशुपालकों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बसंत सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, जनपद सीईओ सुश्री अंजलि बडोले, पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित थे। |