पत्रकार-अर्पित हरदेनिया
सुसनेर: बुधवार का दिन सुसनेर क्षेत्र के लिए सड़क हादसों का भयावह रूप लेकर आया। मात्र 10 घंटे के भीतर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कहीं तेज रफ्तार ने कहर ढाया, तो कहीं समय पर मदद न मिलने से हालत बिगड़ती चली गई।
पहला हादसा – सुबह 10:30 बजे | पगारिया टोल प्लाज़ा:
सोयत थाने में पदस्थ आरक्षक धाकड़ अपनी निजी मोटरसाइकिल से सुसनेर की ओर आ रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज गति की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे मौके पर ही बेहोश हो गए। 1033 एंबुलेंस से उन्हें सुसनेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरा हादसा – सुबह 11:00 बजे | निपानिया जोड़:
केवल आधे घंटे बाद, लटूरी गुर्जर निवासी प्रेमनारायण अपने 70 वर्षीय पिता देवीलाल विश्वकर्मा के साथ किराने की उधारी लेकर निपानिया से लौट रहे थे। सुसनेर-सोयत रोड पर निपानिया जोड़ के पास तेज रफ्तार टैंकर (क्रमांक MP09 DG 5725) ने उनके पिता की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रेमनारायण के अनुसार, यह हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ। गंभीर रूप से घायल पिता को सुसनेर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
तीसरा हादसा – रात 8:30 बजे | किटखेड़ी जोड़:
रात्रि में ग्राम गुराड़ी से सोयत एक शादी समारोह में जा रहे तीन युवकों को किटखेड़ी जोड़ के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में करण सिंह (20), पिता दुल्हे सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीवन सिंह (20), पिता सुलतान सिंह और गोविंद सिंह (24), पिता अमर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने बताया कि 108 एंबुलेंस को कई बार कॉल करने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिस कारण घायलों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल लाया गया। यहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रशासन की सक्रियता और जांच शुरू:
हादसों की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसडीओपी देवनारायण यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली और मौके की जांच के निर्देश दिए। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।